खेतों में चल रही थी हाईप्रोफाइल जुए की महफिल… पुलिस पहुंची तो मच गई भगदड़, BMW और लाखों कैश बरामद!”

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धमतरी-रायपुर बॉर्डर पर चल रही एक हाईप्रोफाइल जुए की फड़ का भंडाफोड़ किया है। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो के पास खेतों में चल रहे इस अवैध जुआ अड्डे पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी राहुल सिंह और रायपुर के तेलीबांधा निवासी रितेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं पुलिस के पहुंचते ही करीब 10 से ज्यादा जुआरी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से करीब 6 लाख 34 हजार रुपए नकद, ताश की गड्डी, दो आईफोन और एक लग्जरी BMW कार जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

दरअसल, 6 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोकरो और मानिकचौरी गांव के बीच सुनसान इलाके में जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रेड प्लान कर कार्रवाई की।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई आरोपी भाग निकले, लेकिन दो लोगों को मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस अब फरार जुआरियों की तलाश में जुटी हुई है और इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

⚠️ पुलिस का संदेश:
अवैध गतिविधियों पर नजर लगातार बनी हुई है—कानून से बचना अब आसान नहीं।

Scroll to Top