छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मातृत्व-शिशु (मदर एंड चाइल्ड) यूनिट के पीछे स्थित नाली से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। कचरा बीनने वाली एक महिला ने नाली में कुछ बहता देखा और पास जाकर जांच करने पर उसे बच्चे का शव दिखाई दिया। इसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को सूचना दी।
मौके पर जुटे लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नवजात का शरीर काफी विकसित था और अनुमान लगाया जा रहा है कि भ्रूण लगभग 6 महीने का हो सकता है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ लग गई और मामले को लेकर नाराजगी भी देखी गई।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को पोस्टमार्टम करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत कैसे हुई और वह जन्म के समय जीवित था या नहीं।
पुलिस को आशंका है कि किसी ने प्रसव के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया होगा, क्योंकि शव अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट के ठीक पीछे मिला है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना कब और कैसे हुई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।



