छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल कमजोर पड़ गया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने के साथ गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में भी प्रदेश के मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश नहीं हुई। बीजापुर में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम के ड्राई रहने का अनुमान जताया है।

रायपुर में 34 डिग्री के आसपास रह सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में 3 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के समय गर्मी और उमस का असर महसूस हो सकता है।
2 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 1.6 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राजधानी में बारिश नहीं हुई।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके विपरीत पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में अपेक्षाकृत राहत बनी हुई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।
अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ दिन के तापमान में बढ़ोतरी और उमस का असर बना रह सकता है।



