रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस केस की जांच में महिला के नाखूनों से मिले जैविक सैंपल अहम साबित हुए। घटना के समय सुरक्षित किए गए इन सैंपल से तैयार DNA प्रोफाइल का बाद में संदिग्धों के DNA से मिलान कराया गया, जिसमें तीनों आरोपियों के DNA मैच होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2024 को ट्रांसपोर्ट नगर में शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। इसी दौरान राजू मंडल उर्फ बंगाली ने लता साहू का गला दबाया, जबकि मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने उसके दोनों पैर पकड़ रखे थे।
पुलिस का कहना है कि संघर्ष के दौरान महिला ने खुद को बचाने के लिए आरोपियों को नोचा था। इसी दौरान उनके जैविक निशान महिला के नाखूनों में रह गए। हत्या के बाद आरोपी घर में रखा कैश और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे।
शराब को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, लता साहू के दूसरे पति का फेरी का काम था। 21 अगस्त 2024 को मनहरण सारंग, राजेश पाल और राजू मंडल उसके घर पहुंचे थे। तीनों महिला और उसके पति के परिचित बताए गए हैं।
घर पर चारों ने शराब पी। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब लाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर हाथापाई होने लगी। पुलिस के अनुसार इसी दौरान तीनों आरोपियों ने महिला को पकड़ लिया और राजू मंडल ने उसका गला दबा दिया।
कुछ देर बाद महिला की गतिविधियां बंद हो गईं। इसके बाद आरोपी घर से नकदी, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से निकल गए। पुलिस के मुताबिक, नकदी तीनों ने आपस में बांट ली, जबकि साड़ी और पायल मनहरण सारंग ने अपने पास रख ली थी।
घटना के बाद सुरक्षित रखा गया था DNA सैंपल
हत्या के समय आरोपियों की पहचान पुलिस के सामने नहीं आ सकी थी। जांच के दौरान महिला के नाखूनों में मिले जैविक पदार्थ के सैंपल सुरक्षित किए गए और उनका DNA प्रोफाइल तैयार कराया गया।
करीब दो साल बाद जांच में कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उनके DNA सैंपल लिए। पुलिस के मुताबिक, पुराने DNA प्रोफाइल से मिलान करने पर तीनों संदिग्धों के सैंपल मैच हुए।
पूछताछ में सामने आई घटना की कड़ी
DNA मिलान के बाद पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को लेकर अलग-अलग जानकारी दी। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाई गई और पुलिस के अनुसार हत्या से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी सामने आई।
मामले में पुलिस ने मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) को गिरफ्तार किया है। मनहरण सारंग रायपुर के रावांभाठा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। राजेश पाल मूल रूप से मुंगेली के नवागांव का निवासी है, जबकि राजू मंडल रावांभाठा, खमतराई में रहता है और मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला बताया गया है।
राजू मंडल पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामलों और हत्या के एक मामले समेत तीन अपराध दर्ज हैं। लता साहू की हत्या का मामला उसके खिलाफ दर्ज चौथा अपराध बताया गया है।
वहीं मनहरण सारंग के खिलाफ भी मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली से संबंधित मामला पहले से दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों के तौर पर सुरक्षित किए गए DNA प्रोफाइल ने करीब दो साल बाद जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।