छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी।

मंगलवार शाम रायपुर, भिलाई, कोरबा और रायगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई। कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में भारी बारिश के चलते नेशनल हाईवे-30 पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
गरियाबंद और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन पेंड्रा इलाके में तेज आंधी के कारण बिजली गुल हो गई। गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ गिरने की भी सूचना है। वहीं मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दक्षिणी हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहा।
मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर मौसम अपडेट:
राजधानी में अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 38°C और न्यूनतम तापमान 26°C रहने का अनुमान है।



