रायपुर में ज्वैलर्स मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, तलवार से हमला कर बदमाश जेवरात लेकर फरार

रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी के मैनेजर से करीब 1 करोड़ रुपए की बड़ी लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित टीकाराम शर्मा ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। ज्वैलर्स की खरोरा इलाके में दो शाखाएं हैं। मंगलवार शाम टीकाराम एक ब्रांच से दूसरे ब्रांच में जेवरात लेकर जा रहे थे।

इसी दौरान शाम करीब 7 बजे तिल्दाडीह मोड़ के पास आंधी और बारिश के कारण वे रुक गए। मौसम सामान्य होने पर जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार 2 से 3 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार से उनके सिर पर वार किया और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने ज्वैलर्स प्रबंधन को सूचना दी। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह वारदात सुनियोजित लग रही है, क्योंकि आरोपियों को मैनेजर के रूट और समय की पहले से जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Scroll to Top