छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 11 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां 320.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं केवल 252.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। रविवार के लिए सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर सक्रिय दो चक्रवाती परिसंचरण बंगाल की खाड़ी से नमी खींच रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में बादल बनने और बारिश की स्थिति बनी हुई है।
प्रदेश के 32 में से 16 जिले अब भी सामान्य से कम बारिश का सामना कर रहे हैं। सबसे अधिक 74 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।