ITSA अस्पताल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 150 से अधिक लोगों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ITSA अस्पताल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 150 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) श्रीमती सीमा अहिरवार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।

हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा पर जोर

कार्यक्रम के दौरान लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की समझाइश दी गई। इन नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण माना गया।

ITSA निदेशक ने की नियमों के पालन की अपील

ITSA अस्पताल के निदेशक सुनील बलानी ने लोगों से सुरक्षित यातायात व्यवहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने की अपील की।

इस जागरूकता कार्यक्रम में सुरक्षित भवः फाउंडेशन के सदस्यों के साथ ITSA अस्पताल के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।

Scroll to Top