रायपुर के प्रयास विद्यालय में यातायात और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम, 300 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से सड्डू स्थित प्रयास विद्यालय में यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने और फर्जी कॉल व संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही, पासवर्ड, ओटीपी और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के महत्व को समझाया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

जागरूकता कार्यक्रम के तहत यातायात और साइबर सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संदेश प्रस्तुत किए।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना, साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

Scroll to Top