रायपुर के गंज थाने में शुरू हुआ ई-मालखाना, जब्त सामान का अब बारकोड से होगा डिजिटल रिकॉर्ड

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में जब्त सामान के प्रबंधन को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। थाना गंज में अब “ई-मालखाना” प्रणाली शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सेंट्रल जोन का यह पांचवां थाना बन गया है, जहां मालखाने को डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है।

ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले (IPS) ने किया। इससे पहले कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और देवेंद्र नगर थानों में यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है।

चारों थानों का मालखाना हुआ डिजिटल

थाना गंज में ई-मालखाना शुरू होने के बाद एसीपी कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले चारों थानों—कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज—के मालखाने डिजिटल व्यवस्था से जुड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि इससे जब्त सामान के रिकॉर्ड और रखरखाव में एक समान और व्यवस्थित प्रणाली विकसित होगी।

हर जब्त सामान को मिलेगा यूनिक बारकोड

ई-मालखाना के तहत थाने में रखी जब्त सामग्री का पहले भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद सामान की सुरक्षित पैकेजिंग, लेबलिंग और रैक के अनुसार व्यवस्थित किया गया।

प्रत्येक जब्त सामग्री के लिए यूनिक बारकोड तैयार किया गया है, जिसे संबंधित सामान और उसके दस्तावेज पर लगाया गया है। इससे किसी भी सामान की पहचान और उसे रखे जाने वाले स्थान की जानकारी आसानी से हासिल की जा सकेगी।

इसके अलावा जब्त सामग्री का ऑनलाइन पंजीयन और डेटा एंट्री की गई है। सुपुर्दनामा, पावती सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों को स्कैन कर डिजिटल रिकॉर्ड में सुरक्षित किया गया है।

चेन ऑफ कस्टडी होगी मजबूत

पुलिस के अनुसार ई-मालखाना प्रणाली से जब्त सामान की पहचान, लोकेशन, जमा करने और निकालने की प्रक्रिया की डिजिटल निगरानी संभव होगी। इससे चेन ऑफ कस्टडी को मजबूत करने के साथ रिकॉर्ड की उपलब्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में डीसीपी पीतांबर पटेल, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

थाना गंज प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान और उनकी टीम द्वारा मालखाने को व्यवस्थित करने तथा ई-मालखाना प्रणाली लागू करने के लिए किए गए प्रयासों की अधिकारियों ने सराहना की। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए विभागीय प्रक्रिया के तहत प्रोत्साहन स्वरूप इनाम देने की घोषणा भी की।

पुलिस का कहना है कि सेंट्रल जोन के पांच थानों में ई-मालखाना लागू होना मालखाना प्रबंधन के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य जब्त सामान के रिकॉर्ड और रखरखाव को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, तेज और विश्वसनीय बनाना है।

Scroll to Top