रायपुर। शहर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस की QR कोड व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक पिछले करीब एक महीने में यात्रियों ने लगभग 50 हजार बार ऑटो और ई-रिक्शा में लगे QR कोड को स्कैन किया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल के तहत अब तक 14 हजार से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा का पंजीयन कर उनमें QR कोड लगाए जा चुके हैं। QR कोड स्कैन करने पर यात्रियों को संबंधित वाहन और चालक की आवश्यक जानकारी मिल जाती है, जिससे सफर को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में मदद मिल रही है।
भूला सामान वापस दिलाने में भी मदद
यात्रा के दौरान अगर कोई यात्री अपना सामान ऑटो या ई-रिक्शा में भूल जाता है, तो QR कोड के जरिए वाहन की जानकारी प्राप्त कर चालक से संपर्क करना आसान हो जाता है। पुलिस का कहना है कि इससे कई यात्रियों को उनका सामान जल्द वापस दिलाने में सहायता मिली है।
QR कोड व्यवस्था लागू होने के बाद ITMS कंट्रोल रूम और यातायात थानों में वाहनों में सामान छूटने से जुड़ी शिकायतों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इससे पुलिस को शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।
सफर से पहले QR कोड स्कैन करने की अपील
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि ऑटो या ई-रिक्शा में बैठने से पहले वाहन में लगे QR कोड को जरूर स्कैन करें। पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ किसी आकस्मिक स्थिति, सामान छूटने या शिकायत की स्थिति में त्वरित सहायता पाने का प्रभावी माध्यम है।
यातायात पुलिस ने कहा कि सुरक्षित, पारदर्शी और स्मार्ट यातायात व्यवस्था के लिए ऐसी जनहितकारी पहलों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।