रायपुर में क्लिनिक में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में क्लिनिक के पास विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद युवक के साथ लाठी, प्लास्टिक की कुर्सी और वॉशबेसिन से हमला किया।

पुलिस के मुताबिक घटना 6 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। शिकायतकर्ता प्रखर रजन ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह क्लिनिक के पास मौजूद था। इसी दौरान अमन निहाल, विशाल सोनी और अमन यादव वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे और क्लिनिक के अंदर जाकर वेट मशीन पर वजन करने के साथ वहां थूकने लगे।

इस पर प्रार्थी के भाई अनिमेष मेश्राम ने उन्हें अस्पताल परिसर में थूकने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने एकजुट होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अमन निहाल ने क्लिनिक का वॉशबेसिन उखाड़कर अनिमेष मेश्राम के सिर और शरीर पर कई बार वार किया। वहीं अमन यादव ने प्लास्टिक की कुर्सी और विशाल सोनी ने डंडे से हमला किया। हमले में अनिमेष के सिर, बाएं हाथ, कान के पास और आंख के ऊपर गंभीर चोटें आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत और गवाहों से पूछताछ के आधार पर घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल प्लास्टिक की कुर्सी और बांस की लकड़ी का डंडा जब्त किया गया है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 414/2026 के तहत धारा 109, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अमन निहाल, पिता दीनबंधु निहाल, उम्र 23 वर्ष, कटोरा तालाब क्षेत्र, रायपुर।
  2. विशाल सोनी, पिता पुरुषोत्तम सोनी, उम्र 20 वर्ष, रायपुर।
  3. अमन यादव, पिता मनहरण यादव, उम्र 20 वर्ष, कटोरा तालाब क्षेत्र, रायपुर।
Scroll to Top