रायपुर में स्कूलों के बाहर ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, 340 वाहनों पर कार्रवाई; 269 नाबालिग चालक पकड़े गए

रायपुर। स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। यातायात डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर शहर के सरकारी और निजी स्कूलों के बाहर नाबालिग वाहन चालकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

अभियान के तहत रेयान स्कूल (अवंती विहार), द्रोणाचार्य स्कूल (राजेंद्र नगर), ब्रह्मविद स्कूल (भाटागांव), केपीएस स्कूल (सरोना), केंद्रीय विद्यालय (डब्ल्यूआरएस कॉलोनी), विंध्य पब्लिक स्कूल (गुढ़ियारी), एमजीएम स्कूल (गायत्री नगर), देशबंधु स्कूल (गुरुनानक चौक) और होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइन) के बाहर जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान 59 नाबालिग वाहन चालकों के साथ 3 स्कूल वैन और 1 स्कूल ऑटो सहित कुल 63 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात सभागार बुलाया गया, जहां एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू और श्रीमती सीमा अहिरवार ने उनकी काउंसलिंग की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों को वाहन देना कानून का उल्लंघन है और इससे बच्चों के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। अभिभावकों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 340 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो शामिल हैं। नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे वाहनों को नियमानुसार जब्त किया जा रहा है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई नाबालिग दूसरी बार वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत और अधिक कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Scroll to Top