रायपुर के कांपा-मोवा क्षेत्र में वर्षों पुराने हनुमान मंदिर को नगर निगम द्वारा हटाए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। मंदिर हटाने की कार्रवाई के विरोध में स्थानीय नागरिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने नगर निगम जोन कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मंदिर हटाने की कार्रवाई का विरोध जताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान कुछ लोगों ने स्थानीय वार्ड पार्षद के खिलाफ नारेबाजी भी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। अचानक की गई कार्रवाई से लोगों में नाराजगी है और वे मंदिर को लेकर प्रशासन से पुनर्विचार की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल नगर निगम जोन कार्यालय में विरोध प्रदर्शन जारी है। मौके पर स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की निगरानी बनी हुई है।