रायपुर WRS कॉलोनी मर्डर केस: चरित्र पर शक में प्रेमी ने की युवती की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी भरे खेत में एक युवती का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल के निरीक्षण में युवती के गले पर चोट और दबाव के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच आगे बढ़ाई। मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19 वर्ष), निवासी सिया रेसीडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे रायपुर के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आया कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले दुपट्टे से उसका मुंह बंद किया और फिर उसी दुपट्टे से गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद हत्या को पक्का करने के लिए उसका सिर पानी भरे खेत में डुबो दिया।

मामले में खमतराई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था रिश्ता

जांच के दौरान मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई। इसी दौरान युवती के प्रेमी करण तांडी पर संदेह जताया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी नंदिनी से पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे थे। बाद में युवती के अलग रहने से आरोपी उसके चरित्र पर शक करने लगा और दोनों के बीच विवाद होने लगा।

मुलाकात के बहाने बुलाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक 3 अगस्त की शाम आरोपी और युवती की मुलाकात डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में हुई। इसके बाद आरोपी उसे पास के खेत की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने युवती की हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करण तांडी (23 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top