रायपुर में स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को राजीव गांधी चौक (पुराना फायर ब्रिगेड) पर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां दोबारा पुराने बिजली मीटर लगाए जाएं। साथ ही नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उनमें सुधार करने की भी मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान करने और पूरी व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि पार्टी लगातार स्मार्ट मीटर का विरोध कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
यह धरना पहले निर्धारित तिथि पर आयोजित होना था, लेकिन दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदेशभर में हुए विरोध-प्रदर्शनों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।



