रायपुर में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर भव्य समारोह, शहीदों को श्रद्धांजलि और बाइक रैली का आयोजन

रायपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिला इकाई द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनके बलिदान को याद करना तथा युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक स्थित वीर चक्र से सम्मानित शहीद कौशल यादव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर, बोरिया खुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल तक बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से कारगिल के वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन किया जाएगा।

मुख्य समारोह 26 जुलाई को कांदुल स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कविता पाठ और अन्य प्रेरणादायक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से दोनों दिनों के कार्यक्रमों में शामिल होकर कारगिल के वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।

Scroll to Top