सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का बड़ा अभियान, छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों पर होगा हनुमान चालीसा पाठ

आम आदमी पार्टी (AAP) आज छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करेगी। राजधानी रायपुर में यह कार्यक्रम शाम 4 बजे बूढ़ा तालाब परिसर में आयोजित होगा। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

पार्टी के अनुसार, यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का एक सामूहिक प्रयास है। AAP का कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता का संदेश देने के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी आवाज उठाई जाएगी।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक के खिलाफ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसका आम आदमी पार्टी विरोध करती है।

AAP ने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी आधार पर पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई है.

AAP की प्रमुख मांगें

  • सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई और पुलिस हिरासत समाप्त की जाए।
  • परीक्षा घोटालों और पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
  • छात्रों और युवाओं के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  • युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पार्टी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

Scroll to Top