रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले एक अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र में छिपाकर मोबाइल फोन ले गया था और परीक्षा के प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सरोना स्थित आईडीजेड परीक्षा केंद्र में आयोजित रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और उसी तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। बरामद सैमसंग मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती थीं।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी अफताब (28 वर्ष), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।