रायपुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के मुख्यालय नीर भवन के बाहर सोमवार को ठेकेदारों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने विभाग के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं सहित कई निर्माण कार्य तय समय पर पूरे किए हैं, लेकिन लंबे समय से उनके बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा। कई बार अधिकारियों से मुलाकात और लिखित आवेदन देने के बावजूद केवल आश्वासन मिला, जबकि भुगतान अब तक लंबित है।
ठेकेदारों का आरोप है कि भुगतान में देरी के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। कर्मचारियों को समय पर वेतन देना, बैंक की किस्तें चुकाना, मशीनों का किराया और निर्माण सामग्री सप्लायर्स का बकाया भुगतान करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि कई छोटे और मध्यम ठेकेदार नए काम लेने की स्थिति में भी नहीं बचे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए सुभाष स्टेडियम से कटोरा तालाब जाने वाले मार्ग पर रूट डायवर्ट किया गया। इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी थी और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।