रायपुर जिले के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 85 मकानों को तोड़े जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने राज्यभर में आंदोलन करने का फैसला किया है। पार्टी ने सभी जिलों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करने और विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार ने बारिश के मौसम में कार्रवाई कर कई परिवारों को बेघर कर दिया। पार्टी का कहना है कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए लोगों के मकान गिराना मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ है और इससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने तथा आजीविका का संकट पैदा हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के आशियाने तोड़ रही है, लेकिन उनके पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बैज ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करेगी।
इसी बीच कांग्रेस विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के लिए उचित पुनर्वास और राहत की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि पुनर्वास सुनिश्चित किए बिना इस तरह की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और पुनर्वास नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके लिए सभी जिला और ब्लॉक इकाइयों को विरोध प्रदर्शन की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।



