दुर्ग में जल संसाधन विभाग का बाबू ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने रंगे हाथ दबोचा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जल संसाधन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी शिव कुमार ठाकुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से ₹5 लाख निकालने का आवेदन दिया था। आरोप है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने ₹10 हजार की रिश्वत मांगी।

रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को ₹10 हजार की रिश्वत दी, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।

बताया जा रहा है कि रायपुर से पहुंची ACB टीम ने इस ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

आरोपी को आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई के लिए दुर्ग स्थित सर्किट हाउस लाया गया है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ACB अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Scroll to Top