बस्तर क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक कल्याण के कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम के बीच सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
चर्चा के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि माँ मातंगी दिव्य धाम लंबे समय से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा सहायता, अस्थमा से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी के जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा अन्य सामाजिक और आध्यात्मिक सेवाएं संचालित कर रहा है।
डॉ. प्रेमासाई महाराज ने बताया कि आने वाले समय में धाम की ओर से “माँ मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही धाम में आने वाले बच्चों के लिए प्रतिदिन एक घंटे की नैतिक शिक्षा और संस्कार कक्षाएं प्रारंभ करने की योजना है। इसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना का विकास करना है।
बैठक में बस्तर के आदिवासी क्षेत्रों, युवाओं, विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक जनसेवा गतिविधियों का दायरा बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम ने भरोसा दिलाया कि सूद चैरिटी फाउंडेशन की सामाजिक पहलों को क्षेत्र में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
सोनू सूद ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपने सेवा कार्यों को लगातार जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
दोनों संस्थाओं ने भविष्य में साझा प्रयासों के माध्यम से बस्तर और अन्य क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सहयोग से जुड़े विभिन्न अभियान चलाने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को व्यापक स्तर पर लाभ मिल सके।



