दंतेवाड़ा जिले में रेलवे लाइन के विस्तार के बावजूद बुनियादी आवागमन सुविधाओं की कमी ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है। कांवड़, कुपेर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर ब्रिज या ओवर ब्रिज न होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई गांव रेल पटरी के दोनों ओर बंट गए हैं, जिससे लोगों को सुरक्षित रास्ते के अभाव में जोखिम उठाकर पटरी पार करनी पड़ती है।
हादसों के बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक इस समस्या के समाधान में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) को जरूरी स्थानों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन यह प्रक्रिया अब तक केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रही है। जिले में अंडर ब्रिज और ओवर ब्रिज निर्माण का कोई ठोस प्रगति नहीं दिख रही है। ग्रामीण प्रशासन से जल्द सर्वे पूरी कर, आवागमन के लिए अंडर ब्रिज या ओवर ब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं।

