रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक वेलनेस स्पा सेंटर में डकैती की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने सेंटर के मैनेजर को बंधक बनाकर 1.20 लाख रुपए लूट लिए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 26 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। सन्नी मनवानी (36) ने शिकायत में बताया कि करीब 8 लोग अचानक स्पा सेंटर में घुस आए। उन्होंने उसे और मैनेजर को बंधक बनाकर गल्ले से 20 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद दो आरोपी उसे बाइक से एटीएम ले गए और वहां से 50 हजार रुपए निकलवाए। फिर एक पेट्रोल पंप में क्रेडिट कार्ड स्वाइप कर 50 हजार रुपए और लूट लिए।
फरार होने से पहले आरोपियों ने CCTV कैमरे का DVR भी अपने साथ ले लिया ताकि सबूत न मिल सके। पुलिस ने क्राइम ब्रांच और न्यू राजेन्द्र नगर थाना टीम के साथ मिलकर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों — धनराज चौधरी ऊर्फ हनी, गुरविंदर सिंह और नवजोत सिंह भामरा — को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने उनके पास से लूटी गई रकम और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। तीनों को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

