देश के लौहपुरुष और पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्री चौक से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद एकता मार्च शारदा चौक तक पहुंचा, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का समापन हुआ।

राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बना आयोजन
हर वर्ष की तरह इस बार भी “रन फॉर यूनिटी” का उद्देश्य सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। इस आयोजन का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी शहर जिला इकाई और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने संयुक्त रूप से किया।
युवाओं के लिए प्रेरणा का अवसर
कार्यक्रम में शामिल युवाओं को सरदार पटेल के विचारों और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार पटेल अपनी दूरदृष्टि और दृढ़ निश्चय के कारण भारत के “लौह पुरुष” कहलाए। उन्होंने बिखरे हुए रियासतों को एक सूत्र में बांधकर देश की एकता की नींव रखी।
विविधता में एकता हमारी शक्ति – CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और “विविधता में एकता” हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में एकता के इस पर्व को मनाया जा रहा है।
साय ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए कहा कि हम सब मिलकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करेंगे। उन्होंने युवाओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह जोश राष्ट्रप्रेम और सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, और छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

