रायपुर से दुबई तक लाल चंदन तस्करी का खुलासा, 8.6 करोड़ की संपत्ति जब्त

रायपुर।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लाल चंदन की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 63 करोड़ रुपये के रैकेट से जुड़े आरोपी अब्दुल जाफर की 8.6 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर दी है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, अब्दुल जाफर ने रायपुर को लाल चंदन (रेड सैंडर्स) की लोडिंग और शिपमेंट का प्रमुख ठिकाना बना रखा था। रायपुर से लेकर नागपुर, मुंबई और चेन्नई तक 3,000 किलोमीटर लंबा रूट तैयार कर माल को दुबई भेजा जाता था। कंटेनरों में ऊपर से स्पंज आयरन भरा जाता और अंदर लाल चंदन के लट्ठे छिपाए जाते थे।

साल 2016 में DRI नागपुर की टीम ने रायपुर के एक गोदाम से 11 मीट्रिक टन (576 लट्ठे) लाल चंदन जब्त किया था। इसके अलावा नागपुर और मुंबई के पोर्ट पर भी बड़े पैमाने पर रेड सैंडर्स पकड़े गए। फरवरी से अक्टूबर 2016 के बीच 13 निर्यात खेपों में 159 मीट्रिक टन लकड़ी भेजने का खुलासा हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 63 करोड़ रुपये थी।

ED की जांच में सामने आया कि अब्दुल जाफर ने इस काले कारोबार से कमाई गई रकम से लग्जरी गाड़ियां, फ्लैट और अन्य संपत्तियां अपने परिवार और सहयोगियों के नाम पर खरीदीं। चेन्नई, कांचीपुरम और तमिलनाडु के अन्य इलाकों में ऊंची कीमत की जमीनें भी उसके कब्जे में पाई गईं।

अब्दुल जाफर और उसकी पार्टनरशिप फर्म M/s A.F. Enterprises के खिलाफ नागपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, मोबाइल कॉल डिटेल और तस्वीरों ने इस सिंडिकेट की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि लाल चंदन रायपुर तक कैसे पहुंचता था और किस रास्ते से दुबई भेजा जाता था। ED इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

Scroll to Top