बिलाईगढ़: अलग-अलग घटनाओं में 3 युवकों की मौत, नदी में कूदा, फांसी लगाई और हार्ट अटैक

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई। मडकड़ी में एक युवक ने प्रेमिका से फोन पर बातचीत के बाद महानदी में छलांग लगा दी। दूसरे मामले में पवनी नगर पंचायत में एक युवक फंदे पर लटका मिला, जबकि तीसरे मामले में पुरगांव के एक युवक की हार्ट अटैक से जान चली गई। तीनों मामलों की जांच बिलाईगढ़ थाना पुलिस कर रही है।

पहला मामला – नदी में छलांग

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मडकड़ी के महानदी किनारे पहुंची और वहां से एक शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान कटगी निवासी शिवकुमार देवांगन (23) के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि 23 सितंबर को उसने प्रेम प्रसंग के चलते कटगी पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या की थी। कूदने से पहले वह अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर बात कर रहा था। 24 सितंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज हुई थी, और 27 सितंबर को उसका शव घटना स्थल से 25 किलोमीटर दूर मिला।

दूसरा मामला – फंदे पर लटका मिला युवक

नगर पंचायत पवनी के एक घर में जय कुमार साहू (25) का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया गया कि वह लंबे समय से बीमार और नशे का आदी था, जिसकी वजह से घर में विवाद होते रहते थे। संभवतः इन्हीं कारणों से उसने आत्महत्या की। परिवारजन काम पर गए थे, लौटने पर दरवाजा बंद मिला। बाड़ी की ओर से देखने पर शव दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

तीसरा मामला – हार्ट अटैक से मौत

पुरगांव के फिरूराम धनवार (29) को शनिवार सुबह अचानक सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें बिलाईगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हालांकि हार्ट अटैक की आशंका है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की पुष्टि होगी।

थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि फिलहाल तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच जारी है।

Scroll to Top