रायपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 245 यात्रियों से वसूला गया जुर्माना

रायपुर रेलवे स्टेशन पर 30 जून को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 18 ट्रेनों में टिकटों की जांच की गई।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करते हुए 158 यात्री पकड़े गए, जिनसे 1,48,555 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, गलत या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों से 55,635 रुपये वसूले गए।

इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 12 यात्रियों से 1,750 रुपये और रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले 3 लोगों से 3,000 रुपये का जुर्माना लिया गया। इस तरह कुल 245 मामलों में कार्रवाई की गई।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सही टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैध टिकट और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट जरूर लें तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

Scroll to Top