रायपुर के पंडरी-उरला थाने में E-Malkhana शुरू, अब डिजिटल होगा जब्त सामान का रिकॉर्ड

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिसिंग को तकनीक आधारित और ज्यादा पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया है। उत्तर जोन के थाना पंडरी और थाना उरला में ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत की गई है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रायपुर अमित तुकाराम कांबले IPS ने दोनों थानों में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया। यह पहल पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में की गई है।

ई-मालखाना प्रणाली के तहत अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए माल-मशरूका का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जब्त सामान की एंट्री, सुरक्षित रख-रखाव, आवक-जावक, संबंधित केस से लिंकिंग और न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होगी।

इस व्यवस्था से किसी भी केस में जब्त सामान की स्थिति और उससे जुड़ी जानकारी आसानी से और तेजी से हासिल की जा सकेगी। साथ ही मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होने के साथ मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

पुलिस के मुताबिक, ई-मालखाना से जब्त संपत्ति की चेन ऑफ कस्टडी भी मजबूत होगी। इससे जब्त सामान को कोर्ट में पेश करने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली लागू की जा रही है। पंडरी और उरला थानों में इसकी शुरुआत इसी योजना का हिस्सा है।

Scroll to Top