रायपुर में शादी के 2 महीने बाद दुल्हन फरार, जेवर और नकदी लेकर भागने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता घर से गायब हो गई। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई है।

जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब 6 महीने से रिश्ते में थे। इसके बाद दोनों ने 20 मार्च को प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन बिताएंगे, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद मामला विवाद में बदल गया।

पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब मिले। युवक ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और महिला की तलाश की जा रही है।

Scroll to Top