धमतरी में ऑटो चालक की संदिग्ध मौत, बंद फल दुकान में मिला शव

धमतरी। शहर के अंबेडकर चौक इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद फल दुकान के अंदर ऑटो चालक का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top