पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को निरीक्षण के लिए अचानक अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि प्लेसमेंट कर्मचारी मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे।
मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को पकड़ लिया। विभाग ने मिलावट की गई शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

