बस्तर में आवारा कुत्तों का आतंक, रोज 25 लोग हो रहे डॉग बाइट का शिकार

बस्तर। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आवारा कुत्तों का आतंक भी तेजी से बढ़ रहा है। गली-मोहल्लों में झुंड बनाकर घूम रहे कुत्ते राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में रोजाना 20 से 25 डॉग बाइट के मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक गर्मी के मौसम में जानवरों का व्यवहार अधिक आक्रामक हो जाता है। शरीर से पसीना बाहर नहीं निकल पाने की वजह से वे चिड़चिड़े हो जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पालतू जानवरों को समय-समय पर वैक्सीन लग जाती है, लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते ज्यादा खतरा पैदा कर रहे हैं।

शहर के 48 वार्डों में खासकर रात के समय लोगों में डर का माहौल है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने पर तुरंत घाव को साबुन और पानी से साफ करें और बिना देरी किए एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाएं।

Scroll to Top