रायगढ़ में बकरीद की तैयारियां पूरी, 1.5 लाख तक के बकरों की खरीदारी

छत्तीसगढ़ के Raigarh में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल है। कुर्बानी के इस पर्व के लिए लोगों ने कई दिनों पहले से ही बकरों की खरीदारी शुरू कर दी थी। इस बार शहर में 20 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक कीमत वाले बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पंजाब, ओडिशा और आसपास के जिलों से खास नस्ल के बकरे मंगाए गए हैं। बीड़पारा निवासी शानू खान ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले पंजाब से बीटल नस्ल का बकरा मंगवाया था। इसके अलावा एक और बीटल नस्ल का बकरा भी खरीदा गया है।

उन्होंने बताया कि बकरों की गर्मी से सुरक्षा के लिए कूलर की व्यवस्था की गई है और उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बकरों को हरा चारा, चना और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है ताकि वे स्वस्थ रहें।

वहीं बीड़पारा के फैज अहमद ने बताया कि वे ओडिशा से बड़े नस्ल के बकरे लेकर आए हैं। इनमें दो बकरों की कीमत लगभग 55 से 60 हजार रुपए बताई जा रही है। शहर में कई लोगों ने एक लाख से अधिक कीमत वाले बकरे भी खरीदे हैं।

बकरीद के नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी का दौर लगातार जारी है। बड़ी संख्या में लोग कुर्बानी के लिए बकरे खरीद रहे हैं।

ईद-उल-अजहा का त्योहार गुरुवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह नमाज अदा की जाएगी। घड़ी चौक स्थित ईदगाह में सुबह 8 बजे नमाज होगी, जबकि चांदमारी शाही ईदगाह, जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद और अन्य मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज अदा की जाएगी।

Scroll to Top