छत्तीसगढ़ के Bilaspur में देर रात ढाबे पर खाना खाने पहुंचे कॉलेज छात्रों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पूरी घटना ढाबे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना सकरी थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के भवानी ढाबा की है। जानकारी के मुताबिक तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ सोमवार रात खाना खाने ढाबे पहुंचे थे। रात करीब 2 बजे जब तीनों खाना खाकर बाहर निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद सुमीत यादव ने घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि पहले गाली-गलौज हुई और विरोध करने पर सुमीत यादव ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद 6 से 7 युवकों ने मिलकर छात्रों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठी, लोहे के पाइप और पत्थरों से छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में तीनों छात्र घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया। बाद में आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को थाने लाए जाने के बाद उमेश शर्मा और निशान गुप्ता नाम के दो युवक भी पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई रोकने का दबाव बनाने लगे। वहीं ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी पर भी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप लगा है। तीनों को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
घटना का CCTV वीडियो अब पुलिस के कब्जे में है। वीडियो में बदमाश युवकों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

