छत्तीसगढ़ के Bilaspur जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के लमरीडबरी गांव में एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद जिंदा तालाब में फेंक दिए जाने का खुलासा हुआ है। पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की निवासी बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि रामसागर तालाब में एक नवजात का शव तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे कोटवार ने तालाब के दक्षिण हिस्से में बच्ची का शव औंधे मुंह पानी में तैरता हुआ देखा।
शव को बाहर निकालने पर अनुमान लगाया गया कि बच्ची की उम्र एक से दो दिन के बीच थी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत सामान्य नहीं थी। जांच में पता चला कि नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिसके कारण पानी में डूबने और दम घुटने से उसकी जान गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लोक-लाज या पहचान छिपाने के उद्देश्य से किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में आसपास के गांवों या स्वास्थ्य केंद्रों में किस महिला ने बच्ची को जन्म दिया था।
जानकारी जुटाने के लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और कोटवारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

