रायपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में दुर्गा कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में रायपुर जिले के 350 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान भाषण, कविता पाठ, चित्रकला, रील निर्माण, गायन, नृत्य, स्लोगन लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित आठ अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि पुरंदर मिश्रा ने कहा कि देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण के लिए अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग करना चाहिए। वहीं, माय भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में रायपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दुर्गा कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अमरजीत सिंह छाबड़ा द्वारा प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।