रायपुर। स्वच्छता संबंधी प्राप्त जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन 5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आमापारा चौक से स्वामी विवेकानंद आश्रम तक स्थित दुकानों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंदगी और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। शिकायतों की पुष्टि होने पर किक्की रेस्टोरेंट पर 5,000 रुपये, जयराज स्वीट्स पर 2,000 रुपये, अली बिरयानी और धमतरी मूंगबड़ा पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा चार फल विक्रेताओं के यहां भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर कुल 800 रुपये का जुर्माना किया गया।
इस प्रकार कुल आठ दुकानों के संचालकों पर 8,800 रुपये का ई-चालान जारी किया गया। निगम अधिकारियों ने सभी संबंधित व्यवसायियों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी।
कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक दिलीप साहू, प्रेम मानिकपुरी और दिलीप भारती सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।