रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 25 साल की शादीशुदा महिला के साथ फार्महाउस में गैंगरेप किया गया। आरोपियों ने महिला को उसके बॉयफ्रेंड से पैचअप करवाने के बहाने बुलाया और फिर कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। महिला के होश में आने पर उसने खुद के साथ हुए अत्याचार की शिकायत पुलिस से की है।
मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के कुंरा गांव स्थित एक फार्महाउस का है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला महासमुंद जिले की रहने वाली है और फिलहाल रायपुर में अपने परिवार के साथ रहती है। महिला का अपने बॉयफ्रेंड से विवाद के बाद ब्रेकअप हो गया था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी आशीष जोशी और रूपेंद्र साहू ने उसे 27 अक्टूबर को उसके बॉयफ्रेंड से मिलवाने और पैचअप करवाने का झांसा दिया।

दोनों आरोपी महिला को धरसींवा के एक निजी फार्महाउस पर लेकर गए। वहां के केयरटेकर से फार्महाउस को अपने कब्जे में लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला के बेसुध होने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
घटना के बाद आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो जान से मार देंगे। डरी हुई महिला कुछ दिनों तक चुप रही, लेकिन लगभग एक सप्ताह बाद उसने हिम्मत जुटाकर धरसींवा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपी आशीष जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। वह श्याम नगर तेलीबांधा का रहने वाला है और एक मेडिकल दुकान में काम करता है। वहीं दूसरा आरोपी रूपेंद्र साहू अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल महिला का बयान दर्ज कर उसे चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है।



