रायपुर में दो भाइयों और उनके एक दोस्त ने मिलकर सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मुजगहन थाना इलाके में हुई इस घटना में आरोपियों ने एक घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली।
रानी सिन्हा ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर की सुबह 9 बजे उन्होंने घर का ताला बंद किया था और दोपहर करीब 2:50 बजे घर लौटने पर देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे जेवरात और नकद गायब थे।
पुलिस ने कटोरा तालाब निवासी संजय साहू को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। CCTV फुटेज की मदद से संजय को पहचानने के बाद उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उसने अपने भाई चेतन लाल साहू और उगेश उर्फ राजेन्द्र साहू के साथ मिलकर चोरी की थी।
इसके बाद पुलिस ने चेतन और उगेश को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और चोरी में इस्तेमाल बाइक शामिल है, लगभग 4.5 लाख रुपए मूल्य का जब्त किया गया।

