रायपुर में BJP नेता द्वारा पुजारी पर हमला, FIR दर्ज होने में हुई देरी

रायपुर में प्रधानमंत्री की “मन की बात” सुनने से इनकार करने के चलते बीजेपी OBC मोर्चा के अध्यक्ष उदय वराड़े ने दुर्गा मंदिर के पुजारी ऋषि तिवारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस मारपीट में पुजारी के हाथ और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पुजारी ऋषि तिवारी कमल विहार सेक्टर स्थित जोरा दुर्गा मंदिर में पूजा कर लौट रहे थे। उसी दौरान उदय वराड़े और उनके समर्थक शिवाजी रेसीडेंसी गार्ड रूम के पास लाउडस्पीकर पर प्रधानमंत्री की “मन की बात” सुन रहे थे। ऋषि तिवारी ने कार्यक्रम सुनने से मना किया, जिससे उदय ने उन्हें गालियाँ दी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

मारपीट के बाद पुजारी टिकरापारा थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने में देरी की। लगभग डेढ़ घंटे थाने में बैठने के बाद, उन्होंने कांग्रेस नेता पंकज शर्मा को सूचना दी। पंकज शर्मा के थाने पहुँचने के बाद पुलिस और नेताओं के बीच तीन घंटे तक तीखी बहस चली। कांग्रेस नेताओं ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

थाना परिसर में हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच जोरदार बहस और विरोध दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेताओं ने थाने के बाहर धरने की चेतावनी भी दी।

आखिरकार पुलिस ने FIR दर्ज की और आरोपी उदय वराड़े के खिलाफ जांच शुरू कर दी। पुरानी बस्ती CSP राजेश देवांगन ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। FIR फिलहाल सेंसिटिव मोड में रखी गई है।v

Scroll to Top