रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में एक नाबालिग गर्लफ्रेंड (16) ने अपने बॉयफ्रेंड मोहम्मद सद्दाम (20) की चाकू से हत्या कर दी। आरोप है कि उसने युवक के गले, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर 5 बार वार किया। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
मृतक सद्दाम बिहार का रहने वाला था और रायपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। हत्या के बाद नाबालिग लड़की ट्रेन से बिलासपुर भाग गई, जहां उसने पुलिस के समक्ष सरेंडर करते हुए स्वीकार किया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड को मार डाला।

जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को दोनों लॉज पहुंचे थे। 28 सितंबर को केवल लड़की लॉज से बाहर निकलती दिखी। 29 सितंबर को दोनों लॉज में नजर नहीं आए। इसके बाद स्टाफ ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली और पुलिस को सूचना दी गई।
गंज पुलिस ने रूम खोलकर देखा तो सद्दाम की लाश खून से सनी मिली। पोस्टमॉर्टम के अनुसार शरीर पर चाकू के कई निशान थे।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद नाबालिग ने लॉज का कमरा बाहर से बंद कर दिया था और रेलवे ट्रैक के पास चाबी फेंककर ट्रेन से बिलासपुर भाग गई। वहां अपने घर पहुंचकर उसने माता-पिता को घटना की जानकारी दी और कोनी थाने में आत्मसमर्पण किया।
लड़की ने पुलिस को बताया कि वह गर्भवती थी और शादी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। प्रेमी ने धमकियां दीं, जिससे डरकर उसने सुबह 3 बजे उठकर सो रहे प्रेमी पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी तुरंत मृत्यु हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और नाबालिग के लॉज में रूम लेने की प्रक्रिया भी पता लगा रही है।

