बिजली विभाग के नाम पर ठगी: नर्सिंग ऑफिसर से 1.64 लाख की साइबर फ्रॉड

राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एम्स में कार्यरत एक नर्सिंग ऑफिसर को ठगों ने बिजली कंपनी का कर्मचारी बनकर निशाना बनाया और उनके खाते से 1.64 लाख रुपए निकाल लिए।

पीड़ित हरकेश सिंह यादव (36) हीरापुर स्थित हर्षित विहार के निवासी हैं और सरोना में नया मकान बनवा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।

25 मार्च को उनके घर पर मीटर लगाया गया और अगले ही दिन 26 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि मीटर का वेरिफिकेशन बाकी है।APK फाइल बना ठगी का जरिया

ठग ने भरोसा जीतने के लिए मीटर का असली BP नंबर भी बताया। इसके बाद उसने व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर डिटेल भरने को कहा।

वेरिफिकेशन के नाम पर पहले 13 रुपए जमा करवाए गए। जैसे ही पीड़ित ने अपने HDFC Bank क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरी, उनके खाते से लगातार ट्रांजेक्शन शुरू हो गए।


किन कंपनियों में ट्रांसफर हुए पैसे

आमानाका पुलिस के अनुसार ठगों ने पीड़ित के खाते से रकम निकालकर Blinkit और Apple के अकाउंट में ट्रांसफर की।


पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। साइबर ठगी के इस केस में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगों को मीटर की जानकारी कैसे मिली।


कैसे रहें सावधान

किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें

किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें

वेरिफिकेशन के नाम पर मांगी गई जानकारी साझा करने से बचें

बैंक डिटेल्स या OTP किसी से साझा न करें

Scroll to Top