रायपुर में नशे में ड्राइव कर रहे युवक ने पुलिस को दी धमकी, खुद को प्रदेश पदाधिकारी बताया

Raipur में नशे की हालत में कार चला रहे एक प्रभावशाली युवक का पुलिस से विवाद का मामला सामने आया है। 28 मार्च की रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने राजू मित्रा को रोककर जांच की, जिसमें उसके शराब सेवन की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान जब पुलिस ने गाड़ी की चाबी मांगी, तो युवक ने खुद को एक राजनीतिक संगठन का प्रदेश पदाधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि मामूली चालान कर छोड़ देना चाहिए था और चेतावनी दी कि इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि मौके पर निरीक्षक स्तर के अधिकारी मौजूद थे और कमिश्नरेट के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की कार जब्त कर ली।

सोशल मीडिया पर आरोपी की कई तस्वीरें राजनीतिक नेताओं के साथ भी वायरल हो रही हैं। उसकी प्रोफाइल में खुद को हिंदू जागरण मंच दुर्ग का जिलाध्यक्ष बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इसी अभियान के तहत एक ही रात में 137 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं जनवरी 2026 से अब तक करीब 1400 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

Scroll to Top