Raipur के कोटा इलाके में ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर करना एक युवक के लिए मुसीबत बन गया। डिलीवरी के लिए पहुंचे दो युवकों ने लोकेशन सही नहीं बताने का आरोप लगाते हुए ग्राहक के साथ मारपीट कर दी।

पीड़ित लोकेश्वर सिंह ठाकुर के अनुसार, उन्होंने रविवार रात करीब 12:30 बजे Domino’s Pizza से दो पिज्जा ऑर्डर किए थे। डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय ने रास्ता समझने के लिए फोन किया, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच हल्की कहासुनी हो गई।
कुछ देर बाद जब डिलीवरी बॉय उनके घर पहुंचे और पेमेंट लेने के बाद अचानक भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत लोकेशन देने की वजह से उन्हें परेशानी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर लात-घूंसे बरसाए और गाड़ी की चाबी से सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने Amanaka Police Station में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनसे कॉल किया गया था और फूड डिलीवरी कंपनी से भी आरोपियों की जानकारी मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

