दुर्ग में बकरा चोरी का खुलासा: CCTV से पकड़े गए आरोपी, काटकर बेच दिया मांस

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बकरा चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम जोरातराई में हुई इस घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुआ, जिसमें आरोपी दोपहिया वाहन से बकरा ले जाते हुए नजर आए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी, धारदार हथियार, नकदी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शफी (50) और ओमप्रकाश वर्मा (35) के रूप में हुई है, जो रूआबांधा इलाके के रहने वाले हैं।

मामले की शुरुआत तब हुई जब ग्राम जोरातराई के निवासी बन्नी अली ने 25 मार्च को उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 24 मार्च की रात उनके घर से दो बकरे गायब हो गए थे।

जांच के दौरान घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो लोग स्कूटी से बकरा ले जाते दिखे। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आर्थिक फायदा उठाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। वे पहले स्कूटी से इलाके में घूमकर रेकी करते थे और मौका मिलते ही बकरा चोरी कर लेते थे। बाद में बकरों को काटकर बेच दिया और उससे मिली रकम खर्च कर दी।

Scroll to Top