रायपुर। रायपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच में पदस्थ दो आरक्षकों राहुल गौतम और शिवम् द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच किया गया है। दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई DCP क्राइम के आदेश के बाद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरक्षकों पर क्राइम ब्रांच से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारी बाहरी व्यक्ति तक पहुंचाने के आरोप सामने आए थे। इस मामले में शोएब ढेबर तक विभागीय जानकारी पहुंचाए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच करने की कार्रवाई प्रशासनिक कारणों से की गई है। गोपनीय सूचनाओं से संबंधित मामले की जानकारी सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया, जिसके बाद DCP क्राइम की ओर से दोनों को लाइन अटैच करने के आदेश जारी किए गए।
फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से कार्रवाई के विस्तृत कारणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में गोपनीय जानकारी लीक किए जाने के आरोपों की स्थिति और पूरे मामले की वास्तविकता जांच या विभागीय कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

