रायगढ़ में हाथियों का आतंक: 2 लोगों की मौत, महिला को कुचला, वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। एक मामले में बस्ती में घुसे हाथी ने जान बचाकर भाग रही महिला पर हमला कर दिया, जबकि दूसरी घटना में सुबह घर से बाहर निकले एक ग्रामीण की जान चली गई। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी और सतर्कता अभियान चला रहा है।

पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के ग्राम तालगांव की है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक हाथी बस्ती में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान घर से बाहर निकलकर जान बचाने की कोशिश कर रही 37 वर्षीय शकुंतला बाई पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के समय उनकी मासूम बेटी भी साथ थी, जो सुरक्षित बच गई।

सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए वन विभाग के वाहन पर भी हमला कर दिया। हाथी ने सूंड और सिर से धक्का मारकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

दूसरी घटना छाल रेंज के ग्राम औरानारा में हुई। यहां 50 वर्षीय बंधन अगरिया सुबह घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान बस्ती के पास मौजूद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और जंगल या हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Scroll to Top