बिलासपुर में 11KV हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 5 मजदूर, बिना सुरक्षा उपकरण काम कराने पर ठेकेदार पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्ट्रीट लाइट का पोल लगाते समय बड़ा हादसा हो गया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक महिला सहित पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की ओर से वार्ड क्रमांक 11 स्थित आदर्श नगर की पानी टंकी के पास स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराया जा रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मजदूर लोहे का पोल खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे पूरे पोल में करंट दौड़ गया और उसे पकड़े मजदूर बिजली की चपेट में आ गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस तथा आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रहने वाले दीपक यादव (30), मुकेश कुमार (38), सेवाराम (24), प्रहलाद चौरसिया (45) और जयंती धुर्वे के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूरों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। साथ ही, हाईटेंशन लाइन के नीचे काम शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई बंद कराने और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन भी नहीं किया गया। ऐसे में ठेकेदार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन के नीचे किसी भी प्रकार का कार्य शुरू करने से पहले बिजली विभाग से लाइन शटडाउन लेना, सुरक्षा बैरिकेडिंग करना और प्रशिक्षित सुपरवाइजर की निगरानी में काम कराना जरूरी होता है। इस मामले में इन प्रक्रियाओं का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच जारी है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार, अधिकारी या जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top